फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। भूपाल नगला, सिरसागंज निवासी 32 वर्षीय रिंकू यादव पुत्र श्याम सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक पर करहल रोड से गुजर रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिंकू यादव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रिंकू को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल युवक का इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। परिजनों के अनुसार, रिंकू अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। सिरसागंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने करहल रोड पर तेज गति से चलने वाले वाहनों के कारण लगातार हो रहे हादसों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर गश्त बढ़ाने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
