संभल एसपी कृष्ण बिश्नोई ने दीपावली और धनतेरस के त्योहारों के मद्देनजर पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और सड़क किनारे मिट्टी के दिए बेचने वालों से संवाद किया। एसपी ने उनकी समस्याओं को जाना और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बुधवार शाम 7 बजे शुरु हुआ और 08:30 बजे समाप्त हुआ। एसपी बिश्नोई ने आरपीएफ-पीएसी और चार थानों की फोर्स के साथ संभल कोतवाली, थाना रायसत्ती और नखासा क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान एएसपी (उत्तरी) कुलदीप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, आईपीएस सीओ संभल आलोक भाटी, असमोली सीओ कुलदीप कुमार और पालिका ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी भी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च चौधरी सराय पुलिस चौकी से शुरू होकर शंकर कॉलेज, अस्पताल चौराहा, आर्य समाज रोड, नखासा, एकता पुलिस चौकी से सर्राफा बाजार होते हुए संभल कोतवाली तक चला। इस दौरान खंभों पर लगी नगर पालिका की लाइटों की जांच की गई, जिसमें करीब छह लाइटें बंद मिलीं। मुख्य बाजार में साफ-सफाई दुरुस्त पाई गई। संभल कोतवाली के सामने सड़क किनारे दिए बेच रही एक महिला से एसपी ने संवाद किया। उन्होंने महिला को बाजार में बने पार्क में दुकान लगाने की सलाह दी ताकि वह सुरक्षित रहे। इस पर महिला ने जवाब दिया कि ग्राहक वहीं आते हैं जहां वह वर्षों से बेच रही है, इसलिए उसे वहीं बेचने दिया जाए। एसपी ने महिला और अन्य दिए बेचने वालों से पूछा कि क्या उन्हें कोई परेशान तो नहीं करता। सभी विक्रेताओं ने हाथ हिलाकर बताया कि उन्हें कोई परेशान नहीं करता है। एसपी कृष्ण बिश्नोई ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद त्योहारों को लेकर यह फुट पेट्रोलिंग की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस त्योहारों को लेकर सतर्क है और रोजाना गश्त करती है। आरपीएफ-पीएसी की रूटिंग ड्यूटी में बदलाव किया गया है और डायल 112 वाहनों को दिन-रात तैनात किया गया है। पुलिस-प्रशासन सभी त्योहारों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह अलर्ट है।
