
कानपुर के गोविंदनगर क्षेत्र से निकली जगन्नाथ शोभायात्रा में शामिल हुई शातिर महिलाओं ने जमकर उत्पात मचाते हुए चार महिलाओं की चेन तोड़ ली। भीड़ ने दो शातिर महिलाओं के पास से एक चेन बरामद करते हुए पुलिस को सौंपा। हालांकि पुलिस ने उन्हें भी छोड़ दिया। अब अन्य महिलाएं थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटक रही हैं। गोविंद नगर क्षेत्र के सीटीआई से शनिवार को इस्कॉन मंदिर की ओर से श्री जगन्नाथ शोभायात्रा निकाली गई थी। जिसमें हजारों की संख्या में भक्त झूमते गाते चल रहे थे। यात्रा में आर्य नगर निवासी रेखा अरोड़ा और गोविंद नगर 6 ब्लॉक निवासी शिखा सरीन भी शामिल हुई थीं। गोविंद नगर बाजार में इन दोनों के समेत चार महिलाओं की चेन टूट गई। हड़कंप बचाने पर यात्रा में शामिल दो महिलाएं संदिग्ध लगी तो लोगों ने उनकी तलाशी ली तो एक के पास चेन के दो टुकड़े मिले जो एक महिला भक्त की निकली। लोगों ने दोनों महिलाओं को पुलिस को सौंप दिया। हालांकि पुलिस ने दोनों महिलाओं को कुछ घण्टे बाद बिना कारवाई के छोड़ दिया। वहीं रेखा और शिखा की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई है। गोविंद नगर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया जिस महिला की चेन बरामद हुई थी उसने रिपोर्ट लिखाने से मना कर दिया था इसके चलते दोनों महिलाओं को छोड़ा गया है। अन्य की एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी।