वाराणसी के पिंडरा से भाजपा विधायक डा. अवधेश सिंह के भतीजे ने सोशल मीडिया पर गर्दा मचा दिया है। विधायक के भतीजे गौरव सिंह उर्फ पिन्चू इंस्टाग्राम वीडियो में खुलेआम पिस्टल लहरा रहे हैं। चर्चित गीत …रेल दिया जाएगा पर रील बनाते हुए होटल से निकल रहे हैं। इस रील में होटल के कमरे से निकलते ही गेट पर उनका एक दोस्त उन्हें पिस्टल थमाते नजर आ रहा है फिर उसे पकड़कर फोन पर बात करते हुए बाहर की ओर आ रहे हैं। 38 सेकेंड की रील के बैकग्राउंड में कोई भी बाहुबली को झेल दिया जाएगा… प्यार से समझ लीजिए नहीं तो रेल दिया जाएगा, गाना बज रहा है। सोशल मीडिया में खुलेआम पिस्टल लहराने के बाद विधायक के भतीजे का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। उनके समर्थक इसे खूब शेयर भी कर रहे हैं। वहीं लोग अलग-अलग टिप्पणी भी दे रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा लोगों ने लिखा है ‘चचा हमारे विधायक हैं’ । हालांकि अभी उनकी ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई। समर्थक इसे उनकी लाइसेंसी पिस्टल बता रहे हैं। उधर, कांग्रेस ओर समाजवादी पार्टी ने वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वाराणसी में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अब वाराणसी पुलिस ही बतावे की असलहे के प्रदर्शन पर बनारस में छूट है क्या? सवाल भी उठाया कि क्या यह माननीयों के परिवार में खौफ और रौला बनाए रखने का विशेष अधिकार दिया गया है।
