वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मॉरीशस पीएम नवीनचंद्र रामगुलाम मल्टीपल लेयर सिक्योरिटी में रहेंगे। आज कड़ी सुरक्षा और पुख्ता इंतजाम के बीच मॉरीशस के प्रधानमंत्री को एयरपोर्ट से ताज होटल लाया जाएगा। काशी विश्वनाथ, रविदास घाट और रूट पर सुरक्षा में पांच हजार से अधिक जवान तैनात रहेंगे। वहीं अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मजबूत सुरक्षा घेरे में मूमेंट करेंगे। एयरपोर्ट से पुलिस लाइन तक नो फ्लाइंग जोन समेत पीएम मोदी मल्टीपल सिक्योरिटी लेयर में रोड-शो करेंगे। गुरुवार को सुरक्षा इतनी पुख्ता होगी कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। रोड-शो के चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगी। पीएम की सुरक्षा पांच लेयर में होगी, जिसमें पहली आंतरिक लेयर में क्रमश: SPG, RAF-CRPF, NSG, स्नाइपर, पुलिस और पीएसी रहेगी। इसे अलावा रूफटॉप स्नाइपर और पुलिस टीम रहेगी। चप्पे-चप्पे पर एसटीएफ, एटीएस और बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड, आईबी की टीमें रहेंगी। नो फ्लाइंग जोन बनाकर ड्रोन भी निगरानी होगी। रोड-शो के दौरान यातायात व्यवस्था भी बदली रहेगी, हालांकि पीएम कार से नहीं निकलेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को सुबह वाराणसी में अहम विदेश नीति पर मंथन के लिए मॉरीशस के पीएम से संवाद करेंगे। हालांकि मॉरीशस के पीएम नवीनचंद्र रामगुलाम अलग-अलग कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनका हर मूवमेंट कड़ी सुरक्षा के बीच होगा। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल के साथ सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पांच एजेंसियां सड़क पर उतर चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के मद्देनजर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल को कब्जे में ले रखा है। कार्यक्रम रूट के चप्पे-चप्पे पर इन जवानों का पहरा होगा। बिना इनकी अनुमति के प्रधानमंत्री के इर्द-गिर्द परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। सुरक्षा के साथ यातायात पर फोकस होगा। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल की टीम त्रिनेत्र से पीएम के रूट पर मिनट टू मिनट निगरानी करेगी। सिविल पुलिस समेत अलग-अलग एजेंसियों के लगभग 5,000 से अधिक जवान बाहर से पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री के पास सबसे पहले एसपीजी के बॉडीगार्ड होंगे। यह जवान काफिले के आगे असॉल्ट राइफल, ऑटोमेटिक गन, 17 एम रिवॉल्वर समेत अन्य आधुनिक असलहों से लैस होंगे। अगले स्तर में ताज होटल गेट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक एसपीजी के कमांडो रहेंगे। कांफ्रेंस रूम के बाहर एनएसजी के खतरनाक ब्लैक कैट कमांडो सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। इनके साथ ही NIA , ATS समेत अन्य कमांडो भी मुस्तैद होंगे। चौथे लेयर में अर्द्धसैनिक बलों के जवान होंगे। जबकि अंतिम लेयर में भीड़ की सुरक्षा का जिम्मा सिविल पुलिस के जवानों का होगा। IPS के प्वाइंट तय, एडीजी मूवमेंट में साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था होगी। प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी काशी में कैंप कर रहे हैं तो एडीजी सुरक्षा समेत अन्य अफसर सुरक्षा इंतजामों में जुटे हैं। एसपीजी की टीम ने पूरे रूट और स्थलों पर मोर्चा संभाल लिया है। वाराणसी कमिश्नरेट के अलावा रेंज और जोन में आसपास के जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। कमिश्नरेट पुलिस के अलावा बाहर से आए 15 आईपीएस अफसरों को प्वाइंट अलॉट किए गए हैं। गैर जनपदीय 10 एएसपी, 27 डिप्टी एसपी, 27 इंस्पेक्टर, 235 एसआई एवं एएसआई, 1500 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल, 5 कंपनी पीएसी, 3 कंपनी सीआरपीएफ समेत अन्य बल साथ चलेगा। वहीं 50 यातायात पुलिसकर्मी, 4 बीडीएस की टीम, दो हिट टीम, तीन डॉग स्कवाइड सहित इको की आधा दर्जन टीमें तैनात रहेंगी। सीपी ने रवाना की प्रधानमंत्री मोदी और मॉरिशस PM की ड्यूटी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री मॉरीशस नवीनचंद्र रामगुलाम के आगमन और मूवमेंट की ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग की। ड्यूटी में लगे सभी पुलिस अधिकारियों को ब्लू बुक की ड्यूटी पर निर्देशित किया। प्रदेश सरकार और भारत सरकार की गाइडलाइन बताई। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा, प्रोटोकॉल एवं यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतें। सभी अधिकारी एवं पुलिस बल पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ रहें। ड्यूटी के दौरान समयबद्ध उपस्थिति, वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थलों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चेकप्वाइंट, बैरियर एवं प्रवेश द्वार पर सजग रहने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। यातायात प्रबंधन के तहत नागरिकों व श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाए रखने, डाइवर्जन व पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की बात कही। सुरक्षा में तैनात अधिकारियों, इंस्पेक्टर और दरोगाओं समेत सभी पुलिस कर्मचारियों को भीड़-नियंत्रण में धैर्य और जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। अंतरराष्ट्रीय मीडिया की दृष्टि रहेगी, सर्वोच्च निष्ठा, तत्परता, शांति, सौहार्द एवं गरिमा के साथ कार्यक्रम सम्पन्न कराना है।
