वाराणसी के रामनगर कस्बे में शुक्रवार की रात दबंगों ने दहशत फैलाने और वर्चस्व के लिए भरे बाजार युवक पर गोलियां चलाई। बाजार के बीच बाइक सवार हमलावरों ने 6 राउंड गोलियां चलाई और हथियार लहराते हुए भाग निकले। हमलावरों को दुकानदार ने पकड़ने का प्रयास किया लेकिन हथियार के आगे कोई हिम्मत नहीं कर सका। सूचना पाकर एडीसीपी काशी सरवणन टी. मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की तो पता चला कि पीड़िता की चार दिन पहले जिम में बाॅडी बिल्डरों के बीच डंबल उठाने को लेकर विवाद हुआ था। शुक्रवार को चाय की दुकान समेत दो रिहायशी घरों के बाहर शुक्रवार देर रात छह राउंड गोलियां चलने से दहशत फैल गई। लोगों ने अपने घर और दुकानों पर ताले जड़ दिए और पुलिस के एक्शन का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस टीमें लगाकर हमलावरों की तलाश की जा रही है। 8 सितंबर को हुई थी लड़ाई रामनगर के निवासी उपेंद्र शर्मा हेड कॉन्स्टेबल हैं और उनका बेटा सौरभ शर्मा बॉडी बिल्डर है और कस्बे के जिम में रोज जाता है। आठ सितंबर को रामनगर के प्रभु नारायण इंटर कॉलेज के बगल में तिवारी कटरा के फिटनेस क्लब में सौरभ शर्मा और हर्ष उपाध्याय के बीच डंबल को लेकर विवाद मारपीट तक पहुंच गया। रामनगर थाने में तहरीर दी गई, लेकिन बाद में समझौता हो गया। रामनगर पुलिस ने सौरभ और हर्ष का चालान भी किया था। सौरभ के पिता हेड कॉन्स्टेबल उपेंद्र शर्मा का आरोप है कि दूसरे पक्ष से विवेक सिंह ने फोन कर लगाता धमकाया गया और गलत बात कही। उसने फोन पर ही पूछा था कि तुम्हारे लड़के ने क्यों थाने में शिकायत की। पिता ने बताया कि घटना के बाद जब विवेक सिंह ने फोन कर धमकी दी तब भी पुलिस से शिकायत की गई थी। आशंका है कि उस दिन की लड़ाई को लेकर दबदबा बनाया जा रहा है। दो बाइक पर सवार थे बदमाश युवक सौरभ शर्मा पर हमला करने आए युवक दो बाइक पर सवार चार बदमाश थे जो खुलेआम फायरिंग करते हुए भाग निकले। हालांकि, गोली किसी को लगी नहीं। पहली गोली जनकपुर में हिमांशु राय के घर पर चली। दूसरी गोली दुर्गा मंदिर के मनोहर चाय की दुकान पर। उसके बाद सौरभ शर्मा के घर के पास गोली चली। घटनास्थल पर पहुंचे एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि सौरभ शर्मा के घर पर गोली चलने की पुष्टि हुई है, बाकी दो जगहों पर पुष्टि नहीं हुई। परिजनों से पूछताछ चल रही है। पुलिस की पांच टीमों का गठन कर जांच की जा रही है। आठ सितंबर को फिटनेस क्लब में विवाद को लेकर गोली चलने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी संदिग्धों के नंबर सर्विलांस पर लगाकर लोकेशन चेक कर रही है।
