
लखनऊ में सुबह से बादल छाए हुए हैं। देर रात तक बारिश हुई। हल्की रफ्तार से हवाएं भी चल रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना है। दिन में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश का अलर्ट है। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 1.7 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। यह सामान्य तापमान से 1.2 डिग्री अधिक रहा। दिन में कई बार रुक-रुक कर बारिश हुई। इस दौरान बारिश का औसत 1.9 मिलीमीटर दर्ज किया गया। दो महीने में होगी अधिक बारिश मानसून के अगले दो महीनों (अगस्त-सितंबर) में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि बिहार से सटे पूर्वी इलाकों में बारिश सामान्य रह सकती है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में ज्यादा बारिश हो सकती है। मानसून के पहले चरण (जून-जुलाई) में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 21% ज्यादा 385.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21% कम 304.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पूरे प्रदेश में औसतन 356.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 6% कम रही। लखनऊ में हुई कम बरसात ललितपुर जिले में सबसे ज्यादा 852.8 मिलीमीटर (125% ज्यादा) बारिश हुई। वहीं, लखनऊ में सामान्य 317.3 मिमी के मुकाबले 26% कम 234.9 मिमी बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगस्त में पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से कम रह सकता है। जबकि पूर्वी हिस्सों में तापमान सामान्य या उससे ज्यादा हो सकता है। प्रशांत महासागर और हिन्द महासागर की मौजूदा स्थिति मानसून के अंत तक बदल सकती है, जिससे बारिश पर असर पड़ सकता है।