लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में उधार के पैसे मांगना एक दुकानदार को महंगा पड़ गया। कल्ली पश्चिम में साइकिल की दुकान चलाने वाले अशोक को डमरू नामक व्यक्ति ने लोहे की रॉड से घायल कर दिया। घटना शनिवार सुबह की है। अशोक ने बताया कि डमरू ने कई दिन पहले उनकी दुकान से पैसे उधार लिए थे। लंबे समय से पैसे नहीं लौटाने पर शनिवार को डमरू को देखते ही अशोक ने पैसों की मांग की। इस पर डमरू ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से अशोक के सिर पर कई वार किए। हमले में अशोक का सिर फट गया। पड़ोसियों को इकट्ठा होता देख आरोपी मौके से भाग गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल अशोक को एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उनके सिर में टांके लगाए और प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। पीजीआई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुटी है।
