चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र अंतर्गत पतौड़ा मोड़ पर रविवार रात एक रोडवेज बस और ऑटो के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बस चालक अपनी बस लेकर चित्रकूट की ओर फरार हो चुका था। घायलों को निजी अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बदौसा थाना क्षेत्र के मुखूलपुरवा निवासी संतोष ने बताया कि वह सीतापुर में मार्बल लगाने का काम करते हैं। दिवाली की खरीदारी के बाद वे गांव के ऑटो चालक रामू के साथ अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे हाईवे पर पतौड़ा मोड़ के पास यह हादसा हुआ। संतोष के अनुसार, टक्कर में ऑटो सवार आठ लोग घायल हुए और चालक रामू की मौत हो गई। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने पुष्टि की कि सभी घायल मामूली रूप से चोटिल हुए थे और उन्होंने निजी अस्पतालों में अपना इलाज कराया है। ऑटो चालक की मौत हुई है।
