सीतापुर में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET) को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। सॉल्वर गैंग पर शिकंजा कसने और नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले की पुलिस और प्रशासनिक टीम ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार देर शाम को एएसपी उत्तरी आलोक सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने शहर के 12 से अधिक होटल और गेस्ट हाउसों पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान वहां रुके अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और पहचान पत्रों की गहन जांच की गई। छापेमारी में टीएसआई फरीद अहमद, सदर बाजार चौकी इंचार्ज स्वाति चतुर्वेदी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। इस दौरान होटल के रजिस्टर खंगाले गए और संदिग्ध नामों व प्रविष्टियों की जांच की गई। एएसपी उत्तरी आलोक सिंह का कहना है कि परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने वाले गिरोहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी संदिग्ध को बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा परीक्षार्थियों की सुविधा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने रेलवे स्टेशन और बस स्टॉप पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए हैं। यहां पर परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद, जरूरी दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं और परीक्षा ईमानदारी से दें। जिले में इस बार कुल 21,600 परीक्षार्थी चार पालियों में परीक्षा देंगे। प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियो रिकॉर्डिंग और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया है। एएसपी आलोक सिंह का कहना है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। लगातार हो रही निगरानी और चेकिंग से सॉल्वर गैंग के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं।
