यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के कोट गांव कोट माजरी में खैर की लकड़ी तस्करी के आरोपी परविंद्र सिंह उर्फ पिंद्र को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पकड़े गए आरोपियों को आज बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इधर, फरार मुख्य आरोपी परविंद्र सिंह की तलाश में पुलिस टीम गठित कर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। खुलासा हुआ है कि परविंद्र पर पहले अपहरण, लड़ाई झगड़े, चोरी व तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। वह रायपुररानी थाना और छछरौली थाना में भी दर्ज तीन-चार केसों में वांछित है। यह मामले उसे हार्डकोर अपराधी के रूप में चिह्नित करते हैं। रिमांड पर लेकर की जा सकती है पूछताछ पुलिस पकड़े गए आरोपी परविंद्र के पिता राजबीर, मां निर्मल देवी,चाचा कुलवंत सिंह और चाचा के बेटे दलीप कुमार को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है। इन पर आर्म्स एक्ट, सरकारी काम में बाधा, हत्या का प्रयास, हमला सहित 10 धाराओं के तहत मामला दर्ज है। वहीं घायल एसएचओ रोहताश और एसपीओ जगमाल सिंह और एचकेआरएन ड्राइवर की हालत स्थिर है। छछरौली थाना प्रभारी रोहताश ने बताया कि आरोपी की मुख्य आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम सर्च ऑपरेशन चलाए हुए है। वह लंबे समय से वांछित चल रहा था और जिले के वन क्षेत्रों में तस्करी का बड़ा नेटवर्क चलाने का आरोप है। पुलिस टीम सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा रही है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। एसएचओ की चबाई उंगली, एसपीओ का सिर फोड़ा बता दें कि सोमवार की रात छछरौली थाना पुलिस गांव कोट माजरी में खैर की लकड़ी की तस्करी के आरोपी परविंद्र को को पकड़ने गई थी। इस दौरान आरोपी व उसके परिजन आरोपी के पिता राजबीर, मां निर्मल देवी, बहन परमिंद्र कौर, चाचा कुलवंत और चाचा के बेटा दलीप कुमार मौके पर आ गए और पुलिस को जान से मारने की धमकी देते हुए हमला बोल दिया। पुलिस से बचकर भागने के प्रयास ने आरोपी परमिंद्र ने पहले तो एसएचओ रोहताश की उंगली मुंह डालकर बुरी तरह से चबा दी, जिससे उंगली का नाखुन तक उखड़ गया और बाद से देसी कट्टे से फायर भी किया। एसएचओ ने साइड होकर अपनी जान बचाई। एचकेआरएन ड्राइवर को भी मारे दांत वहीं जब आरोपी को एचकेआरएन के पुलिस ड्राइवर ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी उसको भी कई जगह दांत मारे। वहीं आरोपी के परिजनों ने भी पुलिस टीम पर हमला करते हुए ईंटें बरसाई, जोकि एसपीओ जगमाल सिंह के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला बढ़ता देख रात को आसपास के अन्य थानों से पुलिसबल मौके पर पहुंचा। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में परिवार के 6 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया और चार लोगों को गिरफ्तार किया। बाकी की तलाश अभी जारी है।
