मुरादाबाद में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जबकि ससुराल वालों का दावा है कि महिला की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है। मुरादाबाद के महमूदपुर तिगरी निवासी नजरूल हसन का कहना है कि उन्होंने करीब 2 साल पहले अपनी बेटी हुस्नजहां उर्फ बेबो का निकाह गांव के ही आबिद पुत्र कलुआ के साथ किया था। नजरूल हसन का आरोप है कि शादी के बाद से ही हुस्नजहां का पति और अन्य ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
पहले भी कई बार हुस्नजहां को ससुराल वालों ने पीटा था। दहेज नहीं लाकर देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। नजरूल का आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे दामाद आबिद ने उन्हें कॉल करके कहा कि, तुम्हारी बेटी को हार्ट अटैक आया है। इस सूचना पर नजरूल हसन जब बेटी के घर पहुंचा तो छत पर चारपाई पर उसकी लाश पड़ी मिली। उसके गले पर रस्सी कशे जाने के भी निशान थे।
नजरूल का आरोप है कि दामाद आबिद ने उनकी बेटी को गला घोंटकर मार दिया है और इसके बाद शव को चारपाई पर डाल दिया। पुलिस ने नजरूल हसन की तहरीर पर आरोपी आबिद के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
