महोबा जिलाधिकारी के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर आदेश सिंह सागर ने गुरुवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में अस्पताल की व्यवस्थाएं पूरी तरह से लचर पाई गईं। अस्पताल परिसर में पार्किंग और शौचालय की व्यवस्था अत्यंत खराब स्थिति में मिली। साफ-सफाई के अभाव में मरीज और तीमारदार शौचालय का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। वार्डों में मरीजों की चादरें गंदी पाई गईं। निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया। मरीजों ने बताया कि डॉक्टर उन्हें बाहर की दवाएं लिख रहे हैं। इससे मरीज शासन की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं। दूर-दराज से आने वाले गरीब मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। डिप्टी कलेक्टर ने चेतावनी दी है कि अगले औचक निरीक्षण में बाहर की दवाएं लिखने वाले डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि मरीजों को अस्पताल में ही बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। सोशल मीडिया और समाजसेवियों द्वारा भी लगातार जिला अस्पताल की खराब व्यवस्थाओं की शिकायतें की जा रही हैं। निरीक्षण में मिली कमियों की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
