मल्लावां में छेड़छाड़ के आरोपी एक युवक का शव शुक्रवार शाम गांव के बाहर शीशम के पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जमलापुर मजरा नेवादा परस निवासी 27 वर्षीय प्रदोष पुत्र राम खेलावन पर गांव की ही एक महिला ने 14 मई की रात घर में घुसकर छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इस संबंध में 15 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। मुकदमा दर्ज होने के दो दिन बाद प्रदोष का शव संदिग्ध हालत में शुक्रवार शाम को गांव से दूर शीशम के पेड़ में गमछे से लटका हुआ मिला । मृतक की जेब से एक लिखा हुआ सफेद कागज भी बरामद हुआ है और परिजन हत्या कर शव लटकने की बात कह रहे हैं। प्रशिक्षु सीओ हरेकृष्ण शर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
