प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 125 वां एपिसोड रविवार को पूरे देश के साथ-साथ जबलपुर में भी सुना गया। 967 बूथों पर इसके प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी मदन महल के नरसिंह वार्ड में एक भाजपा कार्यकर्ता के घर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के विचारों को सुना और उनसे प्रेरणा ली। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री राकेश सिंह ने ‘मन की बात’ की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ का 125वां एपिसोड प्रसारित हुआ है। पूरा देश मानता है कि प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ देश के मन की बात बन चुकी है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उन सकारात्मक घटनाओं और परिस्थितियों का जिक्र करते हैं, जो लोगों को प्रेरित करती हैं। उन्होंने इस कार्यक्रम को अद्भुत बताते हुए कहा कि इसने पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोया है।
