भागलपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में रास्ता विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच लाठी-डंडों से हुई मारपीट में चार लोग जख्मी हो गए। एक पक्ष से चुनचुन मंडल, उनकी बेटी प्रीति कुमारी और बेटा सोनू कुमार जख्मी हुए हैं। दूसरे पक्ष से प्रमोद साह को चोटें आई हैं। चुनचुन मंडल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चुनचुन मंडल के अनुसार, विवाद की शुरुआत दरवाजा खोलने को लेकर हुई। प्रमोद साह जबरन दरवाजा खोल रहे थे। मना करने पर प्रमोद और उनके परिवार वालों ने लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर दिया। बचाव में आए बेटे सोनू और बेटी प्रीति की भी पिटाई कर दी। चुनमुन मंडल बोले- पहले से प्रमोद साह विवाद कर रहे थे गंभीर रूप से घायल चुनमुन मंडल ने मायागंज अस्पताल में बताया कि इससे पहले भी लगातार प्रमोद शाह विवाद करते आ रहे थे। रविवार को भी उनके परिवार ने गाली-गलौज की थी। सोमवार को प्रमोद के परिवार ने पहले उनकी पत्नी से विवाद किया और विरोध करने पर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। उधर, घटना को लेकर औद्योगिक थाना के SHO ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
