बिहार की 75 लाख महिलाओं के खाते में आज यानी शुक्रवार को PM मोदी ऑनलाइन 10-10 हजार रुपए ट्रांसफर करेंगे। कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगा। इसमें पूरे बिहार से महिलाएं और बीजेपी कार्यकर्ता जुड़ेंगे। कार्यक्रम में CM नीतीश कुमार भी ऑनलाइन मौजूद रहेंगे। ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत महिलाओं के खाते में 10 हजार की पहली किस्त भेजी जाएगी। PM मोदी दिल्ली से महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे। 1.11 करोड़ से ज्यादा महिलाओं ने किया आवेदन ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार, इस योजना के लिए अब तक 1.11 करोड़ से अधिक महिलाओं ने आवेदन जमा किया है। इनमें सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों से एक करोड़ सात लाख ‘जीविका दीदियों’ ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके अलावा 1 लाख 40 हजार महिलाओं ने नए समूह से जुड़ने की इच्छा जताई है। शहरी इलाकों में काम कर रहीं 4 लाख 66 हजार से अधिक महिलाओं ने इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया है। प्रदेशभर में प्रोग्राम का होगा आयोजन 38 जिला मुख्यालयों में जिला पदाधिकारियों की अध्यक्षता में प्रोग्राम होंगे, जिनमें जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी हिस्सा लेंगे। हर जिले में कम से कम एक हजार स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं शामिल होंगी। इसी तरह, 534 प्रखंड मुख्यालयों में बीडीओ की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां 500 महिलाएं मौजूद रहेंगी। जीविका के 1680 संकुल स्तरीय संघों में 200-200 महिलाएं मौजूद रहेंगी। ग्राम संगठन स्तर पर लगभग 70 हजार जगहों पर लाइव प्रसारण के जरिए PM मोदी के संबोधन को सुन सकेंगे। इसी तरह पंचायत से लेकर जिला स्तर तक योजना उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। सरकार किन-किन योजनाओं के तहत महिलाओं को सीधे पैसे दे रही है महिला रोजगार योजना के अलावा नीतीश सरकार 6 अन्य योजनाओं के जरिए भी छोटी बच्चियों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक को डायरेक्ट कैश ट्रांसफर कर रही है।
