वाराणसी में रात से लगातार बारिश हो रही है। भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिले के सभी 12वीं तक के स्कूल-कालेज बंद करने के आदेश जारी किए हैं। बाढ़ और बारिश के चलते जिला प्रशासन ने 05 और 06 अगस्त को स्कूल बंद कर दिए थे। दो दिन बाद 07 को स्कूल खुले लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी आ गई कि 08 को वाराणसी में भारी वर्षा होगी। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शुक्रवार को सभी स्कूल बंद करा दिए। अब स्कूल 11 अगस्त को खुलेंगे। 09 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व है और 10 को रविवार। गंगा में आई बाढ़ का जलस्तर धीरे धीरे घट रहा है लेकिन अभी भी छोटे बड़े लगभग 100 ऐसे स्कूल हैं जहां बाढ़ के चलते पढ़ाई बाधित है। सनबीम वरुणा समेत कई स्कूलों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है जिसके चलते इन स्कूलों में ऑनलाइन क्लास चल रही है। स्कूल बने बाढ़ राहत शिविर जिला प्रशासन ने 46 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में बाढ़ राहत शिविर बनाए गए हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों को इन स्कूलों में ठहराया जा रहा है। हालांकि हालात को देखते हुए अभी सिर्फ 20 को एक्टिव किया गया है, अन्य रिजर्व मोड में हैं। इन स्कूलों के छात्र छात्राओं की ऑनलाइन पढ़ाई चल रही है।
