
बाराबंकी के रामसनेहीघाट में भाजपा कार्यकर्ता सत्यम मिश्रा की संदिग्ध मौत का मामला एक महीने बाद भी अनसुलझा है। आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। इस मामले में आम आदमी पार्टी ने मोर्चा संभाल लिया है। राज्यसभा सांसद और AAP के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह गुरुवार को बाराबंकी पहुंचे। उन्होंने मृतक सत्यम मिश्रा के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। संजय सिंह ने मौके पर पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की। उन्होंने मीडिया से कहा कि जब भाजपा के मंडल मंत्री को न्याय नहीं मिल रहा, तो आम आदमी की क्या स्थिति होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष हत्यारों को बचा रहा है। सांसद ने कहा कि इस मामले में कुछ भाजपा नेताओं की भी संलिप्तता हो सकती है। यही कारण है कि एक महीने बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। संजय सिंह ने प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि मृतक परिवार को न्याय मिलना चाहिए और व्यवस्था में जनता का भरोसा बना रहना चाहिए।