बाराबंकी के लोधौरा के मजरा लम्बापुर निवासी 35 वर्षीय सुशीला पत्नी पैरू यादव की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। वह रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने जा रही थी। घटना उस समय हुई जब सुशीला रजनापुर के पास सड़क किनारे सवारी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बाइक से आ रहे विजय पुत्र चक्रेश ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रारंभिक उपचार के लिए उन्हें स्थानीय प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। वहां से उन्हें ट्रामा सेंटर भेजा गया जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुशीला के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं जिन्होंने अपनी मां को खो दिया है। परिजनों ने थाना रामनगर में प्रार्थना पत्र देकर आवश्यक कार्यवाही की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
