इंदौर में चाकू से केक काटकर बर्थ-डे सेलिब्रेट करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों को थाने ले गई, जहां वे हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकार्ड है और वे क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए ऐसा कर रहे थे। बर्थ-डे सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ है। आजाद नगर थाने के टीआई तिलक करोले ने बताया कि अभिषेक नगर मूसाखेड़ी निवासी धीरज पुत्र संतोष धनौरे का जन्मदिन था। ममता कॉलोनी निवासी अमन उर्फ आमीन पुत्र अजीज पटेल, अभिषेक नगर निवासी दीपक पुत्र राम अवतार धनौरे इसे सेलिब्रेट कर रहे थे। इस दौरान आरोपी ने चाकू से केक काटा। इस दौरान आरोपियों ने रास्ते से गुजरते कृष्णा नाम के व्यक्ति से मारपीट भी की। वीडियो देखकर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़कर थाने लाई। यहां आते ही आरोपी पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर खड़े हो गए। उन्होंने बताया कि लोगों में डर बैठाने के लिए इस तरह से बर्थ-डे बनाया था। नाचते हुए चाकू लहराया, प्रकरण दर्ज वहीं तेजाजी नगर पुलिस ने भी सोशल मीडिया पर चाकू दिखाकर रील डालने वाले बदमाश सनद उर्फ सन्नू पुत्र महेश मंडलोई निवासी असरावर्द खुर्द को पकड़ा है। आरोपी ने नाचने के दौरान अपने दोस्त के सामने चाकू निकाला और लहराते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। आरोपी का आपराधिक रिकार्ड भी है। उस पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
