फतेहपुर में प्रेमिका से परेशान एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। युवक के परिजनों ने प्रेमिका पर ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।यह घटना जिले के थरियांव थाना क्षेत्र की है। मृतक युवक की पहचान जय सिंह के रूप में हुई है, जो अविवाहित था।मृतक के भाई ने आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जय सिंह का प्रेम प्रसंग पूजा देवी पुत्री मूसू निवासी शाहीपुर, थाना थरियांव से चल रहा था। आरोप है कि पूजा देवी ने जय सिंह को भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की ठगी की और शादी का झांसा देती रही।हालांकि, बाद में पूजा देवी ने अचानक लखन नामक व्यक्ति निवासी ग्राम चक्की, थाना मलवा से नवरात्रि के दौरान विवाह कर लिया। शादी के बाद भी पूजा देवी अपने पति लखन और भाइयों गोलू, छोटू, तीरथ, आंसू के साथ मिलकर जय सिंह को ब्लैकमेल करने लगी। उन्होंने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए तो छेड़खानी और दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज करा देंगी।इसके बाद, आरोपियों ने जय सिंह के खिलाफ थरियांव थाने में अश्लील चैटिंग, वीडियो और फोटो व्हाट्सएप पर भेजने जैसे गंभीर आरोप लगाकर झूठी शिकायत दर्ज करा दी। इस शिकायत के बाद पुलिस द्वारा जय सिंह को लगातार थाने बुलाया जाने लगा, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यधिक तनावग्रस्त हो गया। मृतक के भाई के अनुसार, जय सिंह ने कई बार बताया था कि पूजा देवी ने शादी का झांसा देकर उससे लाखों रुपये की अवैध वसूली की है। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो महिला और उसके परिवार वालों ने मिलकर उसे बदनाम करने की साजिश रची। इसी मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना से आहत होकर जय सिंह ने बुधवार रात जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
