उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक दुखद घटना सामने आई है। ललौली थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 9 बजे यमुना नदी में मछली पकड़ने गए 45 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कस्बा निवासी सलाम पुत्र शेरखान के रूप में हुई है। वह कोर्रा कनक मुत्तौर मार्ग स्थित तराई नाला पुलिया के पास यमुना नदी में मछली पकड़ने गया था। बाढ़ के कारण नाले में तेज बहाव था। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना और भी दुखद इसलिए है क्योंकि मृतक की पत्नी का निधन दो साल पहले ही हो चुका था। अब उनकी चारों बेटियां अनाथ हो गई हैं। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
