प्रयागराज में बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई। फूलपुर के देवली गांव में अमृत सरोवर में नहाने गए दो बच्चे डूब गए। करेली थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग व्यक्ति का शव बाढ़ के पानी में मिला। फूलपुर के देवली गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास बने अमृत सरोवर में दोपहर करीब 12 बजे एक हादसा हुआ। गांव के तीन बच्चे 12 वर्षीय कुशल वर्मा, 12 वर्षीय तौहीक और 11 वर्षीय उमेश कुमार सरोवर के किनारे घूमने गए थे। गर्मी और पानी देखकर तीनों बच्चे सरोवर में नहाने उतर गए। नहाते समय कुशल और तौहीक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। तीसरे बच्चे उमेश कुमार ने यह देखा तो तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीण जल्दी से पहुंचे और दोनों बच्चों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों की हालत बहुत खराब है। दुख के कारण उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने से भी मना कर दिया। प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हुई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय अकरम अहमद के रूप में हुई है। वह जे.के. आशियाना कॉलोनी का रहने वाला था। अकरम मंगलवार शाम से लापता था। उसका शव घर से लगभग 200 मीटर दूर एक नाले में पानी में तैरता मिला। स्थानीय पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। जांच में पता चला कि अकरम की मौत बाढ़ के पानी में डूबने से हुई। बताया जा रहा है कि अकरम दिव्यांग था और संभवतः अंधेरे में रास्ता भटक गया था।
