रक्सा थाना क्षेत्र के बरुआपुरा गांव में बकरियों के लिए पत्तियां काटते समय पेड़ से गिरने से एक किसान की मौत हो गई। 62 वर्षीय अजब सिंह कुशवाहा पेड़ पर चढ़े थे, तभी यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, अजब सिंह कुशवाहा पुत्र नारायण दास कुशवाहा सुबह अपनी बकरियां लेकर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत पर गए थे। दोपहर के समय वह पेड़ पर चढ़कर बकरियों के लिए पत्तियां काट रहे थे कि अचानक उनका पैर फिसल गया। पैर फिसलने से वह पेड़ पर बंधे तार में फंस गए। उनकी गर्दन तार में फंस गई और वह तार सहित जमीन पर आ गिरे। काफी समय तक खेत पर ही पड़े रहने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी तब हुई जब मृतक की पत्नी सोमती देवी (62) खेत पर पहुंचीं और उन्होंने अपने पति को पेड़ के नीचे पड़ा देखा। उनके चिल्लाने पर खेत में काम कर रहे अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि अजब सिंह की सांसें नहीं चल रही थीं और उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर रक्सा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का निरीक्षण कर पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी सोमती देवी और दो बेटे कीरत सिंह (35) व गौरी शंकर (30) को छोड़ गए हैं। परिवार दीपावली के त्योहार की तैयारी में जुटा हुआ था, लेकिन इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी रक्सा राहुल सिंह राठौर ने बताया कि अजब सिंह बकरियों को चराने गए थे। पेड़ पर चढ़कर पत्तियां काटते समय पेड़ पर बंधे तारों में फंसने की वजह से उनकी मौत हो गई।
