त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं ट्रेनों में अतिरिक्त यात्रियों को समायोजित करने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल से होकर पुणे-निजामुद्दीन द्विसाप्ताहिक एसी स्पेशल ट्रेन का परिचालन होगा। गाड़ी संख्या 01493/01494 पुणे– हजरत निजामुद्दीन एसी स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में 12-12 फेरे चलेगी। गाड़ी संख्या 01493 पुणे-हजरत निजामुद्दीन एसी स्पेशल, पुणे से 6 अक्टूबर से 13 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन पुणे से प्रति सोमवार एवं गुरुवार को 17.30 बजे चलेगी और अगले दिन 20.00 बजे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन का रतलाम आगमन मंगलवार एवं शुक्रवार को सुबह 7.15 बजे एवं प्रस्थान 7.20 बजे होगा। इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 01494 हजरत निजामुद्दीन-पुणे एसी स्पेशल, हजरत निजामुद्दीन से 7 अक्टूबर से 14 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से प्रति मंगलवार एवं शुक्रवार को रात 21.25 बजे चलेगी और अगले दिन 23.55 बजे पुणे रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन का रतलाम आगमन बुधवार एवं शनिवार को 10.10 बजे एवं प्रस्थान 10.13 बजे होगा। इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में लोनावाला, कल्याण, भिवंडी, बोईसर, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, शामगढ़, भवानीमंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर एवं मथुरा रेलवे स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। यह ट्रेन एलएचबी रैक से चलेगी, जिसमें थर्ड एसी के 16 कोच रहेंगे।
