पाली में कुएं की मरम्मत करने के दौरान अडान टूटने से एक किसान करीब 200 फीट गहरे कुएं में डूब गया। जिसकी तलाश में रेस्क्यू किया गया। रात करीब 2 बजे उसका शव मिला जिसे कुएं से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार पाली जिले के चंडावल गांव निवासी 48 साल का भैराराम सीरवी पुत्र पेमाराम सीरवी बुधवार को ब्यावर जिले में निंबाहेड़ा कलां गांव के चावंडिया रोड स्थित सुगालिया बेरा पर कृषि कुआं की मरम्मत कार्य करने गया था। इस दौरान वह कुएं में बनाए गए अडान पर खड़ा था। अचानक अडान टूटने से वह करीब 200 फीट गहरे कुएं में गिरकर पानी में डूब गया। बेरा मालिक सहित ग्रामीणों ने अपने स्तर पर भैराराम को निकालने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुए। ग्रामीणों की सूचना पर कुशालपुरा पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू के लिए SDRF टीम को बुलाया गया। आखिरकार बुधवार रात करीब 2 बजे रेस्क्यू कर उसका शव निकाला गया। इनपुट – उगमराज चौहान, चंडावल
