भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह विधानसभा चुनाव लड़ेगी। ज्योति के पिता रामबाबू सिंह ने बताया कि पवन यदि उसे फिर से अपना लें तो ज्योति चुनाव नहीं लड़ेगी। किस सीट से और किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगी, यह जल्द तय होगा। हालांकि, काराकाट सीट बेटी को पसंद है। इस सीट के लोगों का ज्योति से नाता तब बना, जब उन्होंने लोकसभा चुनाव में पवन सिंह के लिए प्रचार किया। हाल ही में ज्योति सिंह ने जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर से पटना में मुलाकात की थी। हालांकि, बीजेपी में वापसी करने के बाद पावर स्टार पवन सिंह ने बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। 11 अक्टूबर को पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि, ‘मैं पवन सिंह अपने भोजपुरिया समाज को बताना चाहता हूं कि मैंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी जॉइन नहीं की थी। न ही मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।’ जानिए कौन हैं पवन सिंह पवन सिंह भोजपुरी एक्टर और सिंगर हैं। उनके गीत ‘लॉलीपॉप लागेलू’ से लेकर ‘कमरिया हिला रही है’ तक ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई। उनका जन्म 5 जनवरी 1986 को बिहार के आरा में हुआ। 1997 में उन्होंने पहला एल्बम रिलीज किया और 2008 में आया उनका गाना ‘लॉलीपॉप लागेलू’ भोजपुरी संगीत का ग्लोबल हिट साबित हुआ। भोजपुरी फिल्मों प्रतिज्ञा, क्रैक फाइटर, धड़कन, हर हर गंगे आदि ने उन्हें भोजपुरी सिनेमा का सबसे चर्चित नाम बना दिया। पवन सिंह और पत्नी ज्योति के बीच का पूरा विवाद जानिए 5 अक्टूबर को भोजपुरी स्टार पवन सिंह के लखनऊ वाले फ्लैट पर उनकी पत्नी ज्योति सिंह मिलने पहुंची। दोनों के बीच डेढ़ घंटे तक मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद पवन सिंह चले गए, जबकि ज्योति वहीं रहीं। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची, जिस पर जमकर हंगामा हुआ। ज्योति ने एक वीडियो बनाया, जिसमें वो फूट-फूट कर रोती नजर आईं। इसमें ज्योति ने कहा… ‘नमस्कार, मैं हूं ज्योति सिंह और मैं आ चुकी हूं लखनऊ में पवन सिंह के घर पर। पवन जी ने हमारे लिए पुलिस थाने में FIR की है और मुझे लेने के लिए पुलिस आई हैं। मैं इतना परेशान हो चुकी हूं कि जहर खाकर मर जाऊंगी। अब इस घर से मेरी लाश ही निकलेगी। मैं आप लोगों के कहने पर यहां आई थी। आपने कहा था- भाभी आप जाइए, हम लोग देखेंगे कि आपको घर से कौन निकालता हैं? अब आप फैसला करिए कि मुझे न्याय कैसे मिलेगा। आप ही बताइए कि मुझे न्याय कैसे मिलेगा?’ इससे पहले 3 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर ज्योति ने लिखा था, ‘मैं लखनऊ आ रही हूं, आपसे मिलने का इंतजार करूंगी।’ ज्योति ने पवन सिंह पर क्या आरोप लगाए हैं? 5 अक्टूबर को ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर 2 नए और बड़े आरोप लगाए… 1. चुनाव में दूसरी महिला के साथ होटल में रहते थे ज्योति ने कहा कि लोग पूछते हैं कि हमने जब लोकसभा चुनाव में साथ प्रचार किया तो अलग क्यों हो गई। आज मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि पवन सिंह ने मुझे चुनाव के समय इस्तेमाल किया। मैंने उन्हें चुनाव में मदद की, प्रचार किया और उसी समय वो दूसरी महिला के साथ होटल में जाते थे। इसे कोई भी शरीफ महिला बर्दाश्त नहीं करेगी। इसलिए मैं वहां से चली गई। 2. मुझे डिटेन और प्रताड़ित किया जा रहा है ज्योति ने कहा, ‘मुझे घर में क्यों नहीं रख रहे हैं? आज जब मैं अपने पति के घर आई हूं तो मुझे डिटेन किया जा रहा है। प्रताड़ित किया जा रहा है। क्या ऐसे ही पावर स्टार पवन सिंह समाज का कल्याण करेंगे? महिला का उद्धार करेंगे? जो अपनी पत्नी के साथ न्याय नहीं कर सकता, वो समाज के साथ क्या न्याय करेगा?’ पवन सिंह का इस पूरे मामले पर क्या कहा जवाबः 6 अक्टूबर की रात पवन सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट लिखा- मैं अपने जीवन में एक ही बात जानता हूं कि जनता मेरे लिए भगवान है। क्या मैं आप सब की भावना को ठेस पहुंचाऊंगा, जिनकी बदौलत यहां तक पहुंचा हूं।’ उन्होंने ज्योति को लेकर 3 बातें कही… पहली- क्या यह सच नहीं है कि कल सुबह आप मेरी सोसाइटी में आईं तो मैंने ससम्मान आपको अपने घर पर बुलाया और करीब 1:30 घंटे हम लोगों की बात हुई? दूसरी- आपकी बस एक ही रट है कि मुझे चुनाव लड़वाइए कैसे भी, जो कि मेरे बस का नहीं है? तीसरी- समाज में भ्रम फैलाया गया कि मैंने पुलिस बुलाई, जबकि सच्चाई है कि पुलिस सुबह से वहां इसलिए थी, ताकि जो भी हो उनकी उपस्थिति में हो। कहीं भी आपके साथ आए लोग या कोई और कोई अनहोनी ना करें। वहीं, 8 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पवन सिंह ने कहा, ‘फैमिली की जो भी बात होती है कमरे में होती है कैमरे पर नहीं। मैं ये कहना चाहता हूं ज्योति जी ये अपनापन चुनाव से 6 या 4 महीने पहले क्यों नहीं दिखा। ये चुनाव से 1 महीने पहले ही क्यों दिखा। विधायक बनने के लिए आप कितना गिर सकती हो ‘ एक्टर ने कहा, ‘मुझे गाड़ी में फोन आया कि घर पर ऐसे-ऐसे हो गया है। मैंने ज्योति का ड्रामा लाइव भी देखा। मैंने धनंजय से कहा कि देख लेना मैडम को कोई दिक्कत ना हो। मैं रातभर गाड़ी में सोता रहा। मैडम जब जाने लगीं तो धनंजय उन्हें छोड़ने गए।’ पवन और ज्योति की शादी कब हुई और दोनों के बीच विवाद कब से है? ज्योति, पवन सिंह की दूसरी पत्नी हैं। दरअसल, पवन सिंह की पहली शादी 2014 में नीलम सिंह से हुई थी। शादी के एक साल बाद ही नीलम ने सुसाइड कर लिया था। इसके 3 साल बाद 6 मार्च 2018 को पवन सिंह ने ज्योति से यूपी के बलिया में शादी की। शादी के कुछ महीने बाद ही दोनों के रिश्तों में खटपट शुरू हो गई। ———– ये खबरें भी पढ़िए पवन सिंह पीछे हटे या बीजेपी ने टिकट काटा?:पत्नी-हरियाणवी एक्ट्रेस से विवादों में घिरे; योगी-मोदी से गुहार लगा चुकीं ज्योति सिंह PK से मिलीं पवन सिंह के लिए पत्नी ने करवा चौथ व्रत रखा:कहा- भगवान मेरी जैसी अभागन कोई न हो, लेकिन कर्तव्य निभाती रहूंगी
