शामली जिले के कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव खुरगान में हुई हरियाणा निवासी एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्या की साजिश खुद मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता महिला महफरीन और दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। मृतक शाहनवाज अपने ससुराल पक्ष की एक शादी में शामिल होने के लिए यूपी के शामली जिले आया था। उसकी ससुराल कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत में है। वह अपनी पत्नी महफरीन के साथ बाइक से गांव खुरगान जा रहा था। साथ में अपने साले के लिए डेढ़ लाख रुपए की कीमत का नोटों का हार भी ले जा रहा था। जैसे ही शाहनवाज गांव खुरगान के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे उसके मौसेरे भाई तसव्वर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर उसे रोका और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान लूटपाट भी की गई और शाहनवाज की गोली मारकर व गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के वक्त पत्नी महफरीन भी मौके पर मौजूद थी। उसी ने पुलिस में हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कराया। लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि पूरी साजिश की मास्टरमाइंड खुद महफरीन ही थी। 6 महीने से चल रहा था अफेयर पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों तसव्वर और शोएब ने बताया कि महफरीन और तसव्वर के बीच पिछले छह महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन जब शाहनवाज को इसकी भनक लगी तो उसने इसका विरोध किया। पत्नी को धमकाया और तसव्वर से दूरी बनाने को कहा। इसके बाद महफरीन ने शाहनवाज को सबक सिखाने की ठानी और प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर डाली। फोन पर देती रही हर अपडेट घटना के दिन जब शाहनवाज अपनी पत्नी के साथ बाइक से गढ़ी दौलत से खुरगान की ओर रवाना हुआ, तो महफरीन लगातार फोन पर तसव्वर को लोकेशन देती रही। तसव्वर दो बाइक पर अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाया मामला पुलिस ने सर्विलांस और सूझबूझ से मात्र 12 घंटे में इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। दो आरोपियों तसव्वर और शोएब को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी दो आरोपी और साजिशकर्ता महफरीन अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। कैराना पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या की पूरी साजिश बेहद सुनियोजित थी। लूट का विरोध करने पर हत्या की कहानी गढ़ी गई थी। लेकिन पुलिस ने हर पहलू की बारीकी से जांच कर इस सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
