श्योपुर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मंगलवार को जनसुनवाई में लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई में कुल 96 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में आए नेत्रहीन दिव्यांग पप्पू प्रजापति और उनके भतीजे को रेडक्रॉस की तरफ से 6,000 रुपए की तुरंत आर्थिक मदद दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को पप्पू प्रजापति को आवास योजना का लाभ दिलाने और उनके भतीजे को दिव्यांग पेंशन शुरू कराने के निर्देश भी दिए। इसी तरह बगवाज गांव की विधवा शमीम को 5,000 रुपए की आर्थिक मदद दी गई। उनके चार बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ देने और आवास योजना में नाम जोड़ने की भी जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटना पीड़ित को भी मिली मदद कलेक्टर ने 7 साल के बच्चे नोमान आलम के इलाज की मुफ्त व्यवस्था करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए। इसके अलावा, सड़क दुर्घटना में घायल ग्राम गोहर के रूप सिंह जाटव को 7,500 रुपए की राहत राशि स्वीकृत की गई और उनकी पत्नी रंजना जाटव को दिव्यांग पेंशन दिलाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एसडीएम गगन मीणा और डिप्टी कलेक्टर संजय जैन सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
