एटा में धनगर समाज के सैकड़ों लोगों ने अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया। राष्ट्रीय धनगर महासभा के बैनर तले एकत्रित लोगों ने डीएम प्रेम रंजन सिंह को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय धनगर महासभा के अध्यक्ष जेपी धनगर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 7 जुलाई को धनगर जाति के लोगों को एससी प्रमाण पत्र जारी करने का आदेश दिया था। अगस्त माह बीत जाने के बाद भी जिला प्रशासन ने इस आदेश का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तहसीलदार को इस संबंध में निर्देश नहीं दिए गए हैं। रामवीर सिंह धनगर के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन पर शासनादेश की अवहेलना का आरोप लगाया। समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे मुख्यमंत्री के आगामी दौरे के दौरान काले झंडे दिखाएंगे।
