मुरैना के 23 वर्षीय रविन्द्र कुशवाह को उसकी ही रिश्तेदार भाभी ओमवती और उसकी सहेली रूकमणि ने हनी ट्रैप में फंसाया। रुपए नहीं देने पर युवक के हाथ-पैर बांधकर उसे पीटा गया। पुलिस ने शुक्रवार रात ओमवती और रूकमणि को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक इस मामले में चार आरोपी हिरासत में हैं, जबकि एक आरोपी फरार है। कैसे हुआ हनी ट्रैप रविन्द्र कुशवाह रिठौरा कलां, पिपरसेवा का रहने वाला है। उसने गुरुवार रात गोला का मंदिर थाना में शिकायत दी कि उसकी भाभी ओमवती उसे मिलने बुला रही थी। भाभी ने कहा कि उसकी सहेली रूकमणि से उसकी दोस्ती कराएगी। बुधवार को भाभी के कहने पर रविन्द्र भाभी के घर गया, जहां भाभी कुछ देर बाद चली गई और रूकमणि को लेकर वापस आई। तीनों ने साथ में खाना खाया। इसके बाद भाभी ने रविन्द्र और रूकमणि को रूकमणि के भाई के घर गोवर्धन कॉलोनी भेजा। रात 11.30 बजे तक दोनों एक कमरे में थे। रूकमणि के कहने पर रविन्द्र ने कपड़े उतारे। तभी भाभी तीन अन्य लड़कों के साथ आ गई और रविन्द्र पर आरोप लगाकर 8 हजार रुपए, मोबाइल और बाइक छीन ली। बांधकर मारपीट और 10 लाख रुपए की मांग आरोपियों ने रविन्द्र के हाथ-पैर बांधकर उसे पीटा और 10 लाख रुपए की मांग की। उन्होंने धमकाया कि रुपए नहीं दिए तो उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करा देंगे। युवक को डराकर छोड़ा गया। पुलिस ने गिरफ्तार किए चार आरोपी गोला का मंदिर थाना पुलिस ने आरोपी कौशल परमार और अंकित वर्मा को मोबाइल लोकेशन के आधार पर तुरंत गिरफ्तार किया। इसके बाद भाभी ओमवती और उसकी सहेली रूकमणि को भी पकड़ लिया गया। अब सिर्फ एक आरोपी आदित्य सिंह पुलिस की पकड़ से दूर है। जानकारी के अनुसार उसे भी जल्द हिरासत में ले लिया जाएगा। सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि युवक को उसकी ही रिश्तेदार भाभी और उसकी सहेली ने दोस्ती का बहाना बनाकर ब्लैकमेल किया। चार आरोपी अब तक पकड़े गए हैं और एक आरोपी भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
