मुंगेर के शामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल पहाड़ी के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। तारापुर के DCLR की सरकारी कार रोड से स्लिप होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में तारापुर के DCLR दिलीप कुमार और उनके चालक जयमंगल यादव उस वक्त घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब वे डीएम की मीटिंग में शामिल होने जिला मुख्यालय जा रहे थे। कीचड़ और फिसलन बनी हादसे की वजह चालक जयमंगल यादव के अनुसार, बरियारपुर स्थित बादशाही पुल के पास निर्माण कार्य के कारण जाम की स्थिति थी। समय बचाने के लिए वे निर्माणाधीन फोरलेन बायपास की बजाय लोहची ऋषिकुंड के रास्ते से जा रहे थे। इसी दौरान ऋषिकुंड के पास गाड़ी अचानक असंतुलित हो गई और खाई की ओर लुड़कने लगी। ब्रेक लगाने की कोशिश की गई, लेकिन नियंत्रण नहीं हो सका और गाड़ी सड़क से नीचे गिर गई। राहगीरों ने बचाई जान, इलाज जारी राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को स्कॉर्पियो से निकाल कर मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. डीएन सिंह और डॉ. हर्षवर्धन ने प्राथमिक उपचार किया। घटना की जानकारी मिलते ही तारापुर एसडीओ राकेश रंजन कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों को अपने साथ इलाज के लिए ले गए। चालक बेहोश, DCLR के सिर में चोट हादसे में चालक जयमंगल यादव को छाती पर गहरी चोट लगी, जिससे वे बेहोश हो गए। वहीं DCLR दिलीप कुमार को सिर फटने के साथ-साथ आंख के ऊपर भी चोट लगी। गनीमत रही कि वाहन पलटा नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। प्रशासन ने दिए इलाज के निर्देश घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल अस्पताल प्रबंधन को उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। अस्पताल मैनेजर मो. तौसिफ हसनैन, डॉ. के. रंजन, डॉ. रईस और अन्य चिकित्सकों की टीम ने DCLR की स्थिति की जांच की। फिलहाल, दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
