
मधुबनी के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के सहुरिया गांव में बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि एक बड़ी डकैती की घटना हुई। दर्जनभर अज्ञात डकैतों ने गांव निवासी राजेश कुमार साहू के घर पर धावा बोला। डकैती के दौरान हुई गोलीबारी में एक डकैत की मौत हो गई। मृत डकैत की पहचान नेपाल के सिरहा जिले के लक्ष्मीनिया निवासी प्रदीप कुमार साह उर्फ मनोज के रूप में हुई है। राजेश कुमार साहू ने बताया कि रात करीब 12 बजे नकाबपोश डकैतों ने उनके घर का मुख्य गेट तोड़कर प्रवेश किया। कुछ डकैतों ने उन्हें बुरी तरह पीटा और अलमारी की चाभी जबरन छीन ली। एक डकैत के पास हथियार था जिससे उनके सिर पर हमला किया गया। डकैतों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा। उन्हें पीटा, बाल पकड़कर घसीटा और गहने लूट लिए। परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया गया। अनुमानित 60-70 लाख रुपए की संपत्ति लूटी गई। घर से दिल्ली जाने का बोलकर निकला था घटना के दौरान एक डकैत की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सदर अस्पताल, मधुबनी में उसके भाई विनोद कुमार साह ने की। विनोद ने बताया कि उसका भाई डकैत नहीं था। वह एक महीने पहले दिल्ली कमाने की बात कहकर घर से निकला था। साजिश के तहत हत्या की आशंका प्रदीप नेपाल में आलू-प्याज का व्यवसाय करता था और तीन बच्चों का पिता था। विनोद ने आशंका जताई कि प्रदीप की हत्या किसी साजिश के तहत हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मृत डकैत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।