बलिया के जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में राजभवन के निर्देश पर हर घर तिरंगा अभियान और एंटी रैगिंग सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने किया। कुलपति ने कहा कि आज के भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका है। विकसित भारत का सपना युवा ही पूरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगे की शान बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को भी हमें याद रखना चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीतों से हुई। संगीत विभाग के विद्यार्थियों सुनीता तिवारी, नैंसी शर्मा, रश्मि पाल, मनजीत पांडे, जसपाल खरवार, सर्वजीत यादव, रवि शंकर यादव और सनी कुमार ने प्रस्तुति दी। तबले पर अजित और शिवा ने संगत की। एंटी रैगिंग दिवस पर मुख्य वक्ता डॉ. अजय कुमार चौबे ने रैगिंग को सामाजिक अपराध बताया। उन्होंने छात्रों से रैगिंग से जुड़ी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। विश्वविद्यालय में अब तक कोई रैगिंग की शिकायत नहीं मिली है। कार्यक्रम का समापन तिरंगा बाइक रैली के साथ हुआ। रैली विश्वविद्यालय से बसंतपुर गांव तक गई और वापस लौटी। कार्यक्रम में डॉ. पुष्पा मिश्रा, निदेशक शैक्षणिक, एंटी रैगिंग कार्यक्रम की संयोजिका व कुलानुशासक डॉ. प्रियंका सिंह, संगीत विभाग की प्रभारी डॉ. रूबी समेत कई प्राध्यापक और छात्र मौजूद रहे।
