संस्कारधानी जबलपुर में चांदी की मटकी फोड़कर माझी व्यायामशाला ने 51 हजार रुपए जीते हैं। संस्कार सेवा समिति ने मालवी चौक में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया था। इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, विधायक अभिलाष पाण्डेय, चैतन्य महाराज आनंद जी और कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अमीश मिश्रा भी उपस्थित थे। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि इस बार की मटकी चांदी की थी और इनाम भी बहुत बड़ा रखा था। पिछले साल की विजेता मांझी व्यायाम शाला ने इस बार फिर से अपनी जीत दोहराई, प्रतियोगिता जीतकर 51 हजार रुपए का इनाम हासिल किया। संस्कार सेवा समिति के संयोजक सुधांशु गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, आस्था का सफर है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल लोगों को जल्द ट्रेन से अयोध्या ले जाने और श्री राम के दर्शन कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सनातन संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। हम चाहते हैं जिस तरह हमारे पूर्वजों ने हमें ये परंपराएं दी हैं, उसी तरह हम भी इन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवित रखें। प्रतियोगिता में विकेश ग्रुप और विभिन्न अखाड़ों के युवाओं ने हिस्सा लिया।
