खरगोन में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात 2 बजे वार्ड क्रमांक 1 न्यू निमाड़ टॉकीज के पीछे जंगली जानवर ने हमला कर दिया। बकरी मालिक राहुल सिलावट ने बताया कि रात को सियार जैसी आवाज सुनाई दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो उनकी 8 बकरियां मरी पड़ी थीं। बताया जा रहा है कि मृत बकरियों की कीमत 70 से 80 हजार रुपए है। ये घटना पिछले एक हफ्ते में तीसरी बार हुई है। इन हमलों में कुल 13 बकरियों की मौत हो चुकी है। इससे पहले कुशवाहा मोहल्ला में जाकिर खान की बकरियों पर हमला हुआ था। वहीं ओटा क्षेत्र में भी तीन-चार दिन पहले 5 बकरियों को मार दिया था। लगातार हो रहे हमलों को लेकर लोग घबराए हुए हैं। हमले की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हो पाई है
इस पूरे मामले में वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम अभी तक मौके पर नहीं पहुंची है। वन्य प्राणी द्वारा हमले की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हो पाई है। पशुपालकों ने प्रशासन और वन विभाग से कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो नुकसान और बढ़ सकता है। साथ ही उन्होंने उचित मुआवजे की भी मांग की है।
