चित्रकूट के रामटेक्वा चौक पर भारतीय किसान यूनियन की पंचायत आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष राम सिंह राही की अध्यक्षता में हुई इस पंचायत का संचालन तहसील अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने किया। किसानों ने कई गंभीर मुद्दों को उठाया। ग्राम पंचायत अहीरा के अध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि बिजली की आपूर्ति केवल 2-3 घंटे मिल रही है। इससे खरीफ की फसलों को पानी नहीं मिल पा रहा है और रबी की फसलों को लेकर चिंता बढ़ रही है। मंगरहाई के ग्राम पंचायत अध्यक्ष अनिल सिंह ने करौंदी कला में आवारा पशुओं की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि इन पशुओं से आसपास के गांवों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। बीडीओ रामनगर को कई बार सूचित करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। युवा विंग अध्यक्ष संदीप सिंह ने खाद की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है। निजी दुकानदार यूरिया 270 रुपये की जगह 450 रुपये प्रति बोरी में बेच रहे हैं। साथ ही जबरन सल्फर और जिंक भी खरीदवा रहे हैं। जिलाध्यक्ष राम सिंह राही ने किसानों की समस्याओं को सुनने के बाद जल्द ही बड़े आंदोलन की घोषणा की। पंचायत में लल्लन सिंह, विक्रम सिंह, उदयभान सिंह, जवाहर लाल समेत भारतीय किसान यूनियन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
