गोरखपुर के गीडा इलाके में बदमाशों ने बाइक मैकेनिक को गोली मार दी। इसके बाद तमंचे के बट से उसके सिर पर मारने लगे। तमंचा सिर में ही फंस गया। आस-पास के लोग पहुंचे तब आरोपी भागे। घायल हालत में युवक को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टर उसे लखनऊ हायर सेंटर रेफर कर दिए। गीडा पुलिस ने मैकेनिक के भाई की तहरीर पर केस दर्ज किया। तीन लोगों काे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गीडा के नौसड़ पुलिस चौकी के गांव हरदिया निवासी रहमतुल्लाह खान (35) बाघागाड़ा के पास एक गैराज में काम करता है। रविवार को भी वह रात करीब 10:30 बजे स्कूटी से घर वापस लौट रहा था। अभी वह तालनवर और हरदिया के बीच पहुंचा था। तभी एक काले रंग की कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी लेकर रहमतुल्लाह नीचे गिर गया। कार सवार गाड़ी रोक नीचे उतरे और खेत में घसीटकर ले गए। वहां उसके सीने में गोली मार दी। इसके बाद बदमाशों ने असलहे के बट से पीड़ित के सिर में कई बार वार किया। जिससे काफी गहरा घाव बन गया। पीड़ित बेहोश हो गया। असलहा भी युवक के सिर में फंस गया। लोग वहां पहुंचे तो मरा समझ कर आरोपी मौके से भाग गए। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने युवक को तड़पता देख नजदीक ग। उसकी पहचान कर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पीड़ित के भाई असमत खान की तहरीर पर पुलिस ने हरदिया निवासी मोमिन और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही एक महिला और दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को कारण बताया जा रहा है।
—
पुरानी रंजिश में पहले हुई थी मारपीट
पुलिस का मानना है, इस घटना की वजह पुरानी रंजिश और व्यक्तिगत संबंध का विवाद है। एक साल पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इसमें गीडा थाने में केस दर्ज हुआ था। इसके बाद से ही दोनों पक्ष एक-दूसरे पर कमेंट करते रहते थे। कई बार कहासुनी भी हुई। प्रभारी निरीक्षक गीडा विजय सिंह ने बताया कि मोमिन और अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
