कैथल के गांव कलासर में करंट लगने से 40 वर्षीय किसान की मौत हो गई। वह अपने खेत में बिजली की मोटर बंद करने के लिए गया था। बरसात के कारण तारें गीली थी। जैसे ही वह मोटर को बंद करने लगा तो खुले पड़े तार पर उसका हाथ टच हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ठेके पर ले रखी थी जमीन घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली तो पुलिस की टीम मौके पर पहुंची व परिजनों के सहयोग से मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि राजेश गांव में ठेके पर जमीन लेकर खेती कर रहा था। सुबह वह अपने खेत में सबमर्सिबल की मोटर बंद करने के लिए गया था, लेकिन काफी देर तक घर वापस नहीं आया। स्टार्टर पर गिर गया बरसात के कारण तारें गीली थी। वह मोटर बंद करने लगा तो बिजली की चपेट में आ गया और स्टार्टर के ऊपर गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि राजेश के परिवार में उसकी तीन बेटियां व एक बेटा है जो अभी छोटे हैं। उनका पूरा परिवार राजेश पर ही आधारित था। परिजनों ने परिवार को सहायता देने की मांग की है। कलायत थाना के जांच अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में पुलिस ने इत्तेफाकिया की मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
