हरियाणा में कुरुक्षेत्र की लाडवा-हिनौरी रोड पर पश्चिमी यमुना नहर में बहे दोनों दोस्तों के शव नहर से बरामद कर लिए गए है। रविवार को प्रदीप का शव इंद्री के गांव के पास बरामद हुआ था। जबकि रविवार देर रात करीब 11 बजे साहिल का शव नीलोखेड़ी के बड़थल गांव के पास की नहर से बरामद किया गया। प्रदीप का कल ही पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया था। वहीं आज सुबह ही पुलिस ने साहिल के शव का पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं पुलिस इस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है। तीन दोस्त आए थे शाम को नहर पर नहाने
जानकारी के अनुसार लाडवा के बपदी गांव के प्रदीप (28) और साहिल (27) व उनका तीसरा दोस्त कुलदीप उर्फ मंगू पश्चिमी यमुना नहर में नहाने के लिए गए थे। प्रदीप और साहिल नहर में नहाने के लिए ज्यादा आगे चले गए, जबकि कुलदीप नहर किनारे बैठकर नहाने लगा। इस दौरान प्रदीप और साहिल पानी के तेज बहाव में बह गए थे। पेंट करने का करते थे काम
बतादें के तीनों दोस्त पेंट करने का काम करते थे, शुक्रवार शाम को काम खत्म करने के बाद तीनों दोस्त नहर पर गए थे। पहले उन्होंने वहां पर बैठकर शराब पी और बाद में नहर में नहाने लग गए। उसके बाद यह हादसा हो गया। जिसके बाद से ही गोताखौर व पुलिस की टीमें नहर में सर्च अभियान चला रहे थे। तीन दिन बाद दोनों के शव पुलिस ने बरामद कर लिए। तीन बच्चों का पिता था प्रदीप
प्रदीप चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी 2 बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। प्रदीप के 3 बच्चे, एक बेटी और 2 बेटे हैं। उसकी बहन रानी रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए मायके आई है। साहिल भी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसकी एक छोटी बहन भी है। दोनों की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया।
