छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भगवान की मूर्तियों के साथ असमाजिक तत्वों ने अभद्रता की है। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें कुछ युवक नथिया नवागांव स्थित श्री राम वाटिका में मूर्तियों को थप्पड़ मारते और अभद्र तरीके से फोटो खिंचवाते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होते ही हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई है। संगठनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग शामिल है। साथी वीडियो बनाकर हस रहे थे घटना 9 अगस्त की है। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस घटना के विरोध में कोंडागांव में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने सांकेतिक चक्काजाम भी किया। हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। बजरंग दल और VHP ने किया विरोध इस घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता फरसगांव थाने पहुंचे और ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विश्व हिन्दू परिषद के जिला मंत्री संजय पोया ने कहा कि यह आस्था पर सीधा प्रहार है, और दोषियों को उदाहरणात्मक सजा दी जानी चाहिए। वहीं, एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया है और आगे की कार्रवाई कांकेर पुलिस कर रही है। आरोपियों में ये शामिल फरसगांव के ग्राम आलोर के रहने वाले संजू मरकाम (21), शिललाल कोर्राम (26), लोचन कुमार चक्रधारी (25), महेश कोर्राम (26) और एक नाबालिग ने मूर्तियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोपियों ने इस कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इनमें 4 युवक अभद्रता कर रहे थे। उनका एख साथी कैमरे के पीछे से वीडियो बनाते हुए हंस रहा था। क्षेत्र में पहले तनाव का माहौल क्षेत्र में पहले से ही धार्मिक तनाव की स्थिति बनी हुई है। भानुप्रतापपुर इलाके के अलग-अलग गांवों में पादरियों और पास्टरों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इधर कांकेर जिले के ग्राम हवेचुर में धर्मांतरण के आरोप में 2 पक्षों में मारपीट हो गया। ASP दिनेश सिन्हा ने बताया कि आरोपी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। बता दें कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ……………………….. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… कांकेर में धर्मांतरण को लेकर 2 पक्षों में मारपीट: पीड़ित बोले- महिलाओं को साड़ी उतारकर पीटा, 36 घायल; पुलिस पर FIR न लिखने का आरोप कांकेर जिले के ग्राम हवेचुर में धर्मांतरण के आरोप में 2 पक्षों में मारपीट हो गया। इसमें 8 परिवारों के 36 लोग घायल हुए हैं। आरोप है कि महिलाओं की साड़ी उतारकर उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इनमें 2 महिला की स्थिति गंभीर है, जो अस्पताल में भर्ती है। मामला ताडोकी थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
