प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 52वें दौरे पर मल्टीपल लेयर सिक्योरिटी में रहेंगे। कड़ी सुरक्षा और पुख्ता इंतजाम के बीच प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से पुलिस लाइन और फिर सड़क से होटल ताज जाएंगे। एयरपोर्ट से पुलिस लाइन तक नो फ्लाइंग जोन समेत पीएम मोदी मल्टीपल सिक्योरिटी लेयर में जनता से रूबरू होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मजबूत सुरक्षा घेरे में मूवमेंट करेंगे। रूट पर सुरक्षा में पांच हजार से अधिक जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा इतनी पुख्ता होगी कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। रोड-शो के चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है और अधिकारी सुबह से उनके प्वाइंट चेक कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के मद्देनजर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल को कब्जे में ले रखा है। कार्यक्रम रूट के चप्पे-चप्पे पर इन जवानों का पहरा होगा। बिना इनकी अनुमति के प्रधानमंत्री के इर्द-गिर्द परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। सुरक्षा के साथ यातायात पर फोकस होगा। पहले जानिए पीएम मोदी की सुरक्षा में तैनात एजेंसियां… वाराणसी में कुछ देर बाद पीएम मोदी मॉरिशस के पीएम से मुलाकात करेंंगे। अहम विदेश नीति पर मंथन के लिए नवीनचंद रामगुलाम से संवाद करेंगे। कमिश्नर और एडीजी समेत सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पांच एजेंसियां सड़क पर उतर चुकी हैं। पीएम की सुरक्षा पांच लेयर में होगी, जिसमें पहली आंतरिक लेयर में क्रमश: SPG, RAF-CRPF, NSG, स्नाइपर, पुलिस और पीएसी रहेगी। इसे अलावा रूफटॉप स्नाइपर और पुलिस टीम रहेगी। चप्पे-चप्पे पर एसटीएफ, एटीएस और बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड, आईबी की टीमें रहेंगी। नो फ्लाइंग जोन बनाकर ड्रोन भी निगरानी होगी। रोड-शो के दौरान यातायात व्यवस्था भी बदली रहेगी, हालांकि पीएम कार से नहीं निकलेंगे। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल की टीम त्रिनेत्र से पीएम के रूट पर मिनट टू मिनट निगरानी करेगी। सिविल पुलिस समेत अलग-अलग एजेंसियों के लगभग 5,000 से अधिक जवान बाहर से पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री के पास सबसे पहले एसपीजी के बॉडीगार्ड होंगे। यह जवान काफिले के आगे असॉल्ट राइफल, ऑटोमेटिक गन, 17 एम रिवॉल्वर समेत अन्य आधुनिक असलहों से लैस होंगे। अगले स्तर में ताज होटल गेट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक एसपीजी के कमांडो रहेंगे। कांफ्रेंस रूम के बाहर एनएसजी के खतरनाक ब्लैक कैट कमांडो सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। इनके साथ ही NIA , ATS समेत अन्य कमांडो भी मुस्तैद होंगे। चौथे लेयर में अर्द्ध सैनिक बलों के जवान होंगे। जबकि अंतिम लेयर में भीड़ की सुरक्षा का जिम्मा सिविल पुलिस के जवानों का होगा। IPS के प्वाइंट तय, एडीजी मूवमेंट में साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था होगी। प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी काशी में कैंप कर रहे हैं तो एडीजी सुरक्षा समेत अन्य अफसर सुरक्षा इंतजामों में जुटे हैं। एसपीजी की टीम ने पूरे रूट और स्थलों पर मोर्चा संभाल लिया है। वाराणसी कमिश्नरेट के अलावा रेंज और जोन में आसपास के जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। कमिश्नरेट पुलिस के अलावा बाहर से आए 15 आईपीएस अफसरों को प्वाइंट अलॉट किए गए हैं। गैर जनपदीय 10 एएसपी, 27 डिप्टी एसपी, 27 इंस्पेक्टर, 235 एसआई एवं एएसआई, 1500 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल, 5 कंपनी पीएसी, 3 कंपनी सीआरपीएफ समेत अन्य बल साथ चलेगा। वहीं 50 यातायात पुलिसकर्मी, 4 बीडीएस की टीम, दो हिट टीम, तीन डॉग स्कवाइड सहित इको की आधा दर्जन टीमें तैनात रहेंगी। प्रधानमंत्री मोदी की ड्यूटी पर फोर्स तैनात पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को स्पष्ट किया कि सुरक्षा, प्रोटोकॉल एवं यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतें। सभी अधिकारी एवं पुलिस बल पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ रहें। ड्यूटी के दौरान समयबद्ध उपस्थिति, वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थलों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चेकप्वाइंट, बैरियर एवं प्रवेश द्वार पर सजग रहने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। यातायात प्रबंधन के तहत नागरिकों व श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाए रखने, डाइवर्जन व पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की बात कही। सुरक्षा में तैनात अधिकारियों, इंस्पेक्टर और दरोगाओं समेत सभी पुलिस कर्मचारियों को भीड़-नियंत्रण में धैर्य और जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। अंतरराष्ट्रीय मीडिया की दृष्टि रहेगी, सर्वोच्च निष्ठा, तत्परता, शांति, सौहार्द एवं गरिमा के साथ कार्यक्रम सम्पन्न कराना है।
