अमृतसर| एडिश्नल कमिश्नर सुरिंदर सिंह ने शहर में चल रहे प्रापर्टी के जीएसआई सर्वे के बारे अफसरों संग मीटिंग की। जिसमें किस तरह से डिटेल जुटाई जानी है, उसके परफॉर्मा बारे जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सर्वेक्षण कराया जा रहा है। साइबर स्विफ्ट इंफोटेक कंपनी को सर्वे का जिम्मा सौंपा गया है। अफसरों को निर्देश दिया कि कंपनी की टीमों को पूरा सहयोग दें। किसी भी जगह कोई जरूरत पड़े तो मौके पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात कर्मचारियों को नागरिकों को इस बारे में जागरूक करें कि एक सटीक डेटा बेस तैयार किया जा रहा है। यदि कोई जानकारी लेने आता है तो सहयोग करें। टीमों को प्रॉपर्टी मालिक का नाम, काबिज हैं या किराएदार, जगह ढकी हुई या खाली, उपयोग फ्लोर वाइज या दूसरे, बिल्डिंग का नक्शा, निजी है या सरकारी, कच्ची इमारत है या पक्की यह जानकारी कलेक्ट करनी होगी। इस मौके पर विशाल वधावन, असिस्टेंट कमिश्नर दलजीत सिंह, अर्बन प्लानर मणि शर्मा व अन्य मौजूद रहे।
