
आगरा में अवैध धड़ल्ले से अवैध निर्माण हो रहे हैं। आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) इन पर कार्रवाई भी कर रहा है। इसके बावजूद अवैध निर्माणकर्ताओं पर लगाम नहीं लग पा रही। गुरुवार को भी ADA की टीम ने एक अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया। यहां सड़क और नाली बनाकर अवैध कॉलोनी में प्लॉटिंग की जा रही थी। ADA की टीम ने इसे ध्वस्त कर दिया। प्लॉटिंग की जा रही थी
छत्ता वार्ड के शाहदरा चुंगी से आशीर्वाद हॉस्पीटल की तरफ 3000 वर्गमीटर में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां सड़क और नाली बनाकर प्लॉटिंग की जा रही थी। ADA को जब इसकी सूचना मिली तो विकसित हो रही इस कॉलोनी के बारे में छानबीन की गई। पता चला कि यह कॉलोनी ADA की बिना परमिशन के ही विकसित हो रही है। इस नियम के तहत की कार्रवाई
इस पर ADA की टीम गुरुवार दोपहर को बुलडोजर लेकर पहुंच गई। टीम ने देखते ही देखते पूरे प्रोजेक्ट पर बुलडोजर चला दिया। सड़क और नालियां ध्वस्त कर दीं। प्लॉटों की बाउंड्री भी ढहा दी। ADA ने यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा-27 के तहत की गई है। लगातार तीसरे दिन कार्रवाई
पिछले 3 दिनों से अवैध कॉलोनियां ADA के निशाने पर हैं। इससे पहले ताजगंज और रोहता क्षेत्र में अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चल चुका है। ताजगंज वार्ड में तो 20 बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। ADA ने अवैध निर्माणकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी है। कहा है कि अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।