चुनाव आयोग पर लगातार वोट चोरी के आरोप लग रहे हैं और रविवार से राहुल गांधी बिहार में वोट अधिकार यात्रा पर निकल रहे हैं। वहीं आयोग ने अपने ऊपर लग रहे आरोपों का जवाब देने के लिए रविवार तीन बजे प्रेस कांफ्रेंस बुलाई है। प्रेस कांफ्रेंस से पहले अखिलेश यादव ने आयोग से सवाल दागे हैं। उन्होंने पूछा है कि उन 18 हजार हलफनामे के साथ की गई शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? इसे लेकर अखिलेश ने एक ग्राफिक भी पोस्ट की है।
अखिलेश यादव ने एक वीडियो पोस्ट कि जिसमें एक ही युवक बार-बार भाजपा के चुनाव चिन्ह की बटन दबाता दिखाई दे रहा है। अखिलेश ने आयोग से पूछा है कि चुनाव आयोग को चुनौती देता एक भाजपाई का ये वीडियो चुनावी धांधली करने वालों द्वारा दिया गया, एक जीता जागता एफ़िडेविट है, CEC इसका जवाब तो दे। एक अन्य एक्स पोस्ट में अखिलेश यादव ने आयोग को इंगित करते हुए कहा है कि चुनाव आयोग को सुधार हीं नहीं, आमूलचूल परिवर्तन की अपरिहार्यता है। आज लोकतंत्र को बचाने का ऐतिहासिक दायित्व उनके कंधों पर है। माना उनके ऊपर कई प्रकार के अवांछित दबाव काम कर रहे हैं लेकिन वो ये न समझें कि वो अकेले हैं। जब चुनाव आयोग सही रास्ते पर चल निकलेगा तो करोड़ों भारतवासियों का साथ उसका रक्षा कवच बन जाएगा। सत्य के मार्ग पर चलनेवालों के साथ जनता और जन विश्वास स्वयं चलने लगता है। चुनाव आयोग का एक सही और साहसिक क़दम देश की अनंत पीढ़ियों का भविष्य और कल्याण सुनिश्चित कर सकता है। सबको अंतरात्मा की आवाज़ सुननी चाहिए।
