अयोध्या के बीकापुर थाना क्षेत्र के दुबे का पुरवा तोरो माफी गांव में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रविंद्र निषाद पुत्र सियाराम निषाद के रूप में हुई है। घटना बुधवार शाम 7 बजे की है, जब रविंद्र रामपुर भगन जा रहा था। रास्ते में लाल चक्की के पास अचानक सड़क किनारे खाई में गिर गया। शव की पहचान कर परिजनों को किया सूचित खाई में बरसात का पानी भरा हुआ था। संयोग से एक राहगीर की नजर खाई में औंधे मुंह गिरे युवक पर पड़ी। उसने तुरंत बाजार पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी। बाजार से ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान कर परिजनों को सूचित किया। परिजन जब पहुंचे तो देखा कि रविंद्र के हाथ-पैर पूरी तरह से शिथिल हो चुके थे। पुलिस ने कब्जे में लिया शव ग्रामीणों ने बीकापुर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक अपने पिता सियाराम निषाद के चार बेटों में तीसरे नंबर का था। युवक की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।
