अम्बेडकर नगर के बसखारी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 233 के पूर्वी कट पर सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह सड़क किनारे 37 वर्षीय युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। बसखारी थाने के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी है।
