अंबेडकरनगर में धनतेरस के अवसर पर बीते शनिवार देर रात तक बाजारों में जमकर खरीदारी हुई, जिससे लगभग 1 अरब रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक के बाजार ग्राहकों की भीड़ से गुलजार रहे। ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सराफा और बर्तन सहित सभी प्रमुख बाजारों में देर रात तक रौनक बनी रही। इस दौरान ग्राहकों ने कार, बाइक, एसी, टीवी जैसे बड़े सामानों के साथ सोने-चांदी के सिक्के, मूर्तियां और आभूषणों की भी खूब खरीदारी की। जीएसटी दरों में कमी के कारण इलेक्ट्रॉनिक और ऑटोमोबाइल सेक्टर में विशेष रूप से अच्छी बिक्री दर्ज की गई। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस साल का कारोबार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रहेगा। 5 तस्वीरें देखिए… धनतेरस के चलते शनिवार को बाजार सामान्य दिनों की तुलना में जल्दी खुल गए थे। सुबह से ही ग्राहकों का जुटना शुरू हो गया था। दोपहर 12:30 बजे के शुभ मुहूर्त के बाद लोगों ने विशेष रूप से बुक किए गए वाहनों की डिलीवरी ली और नई कारें व बाइक खरीदीं। सभी कंपनियों के शोरूम और एजेंसियों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई। परंपरा के अनुसार, धनतेरस पर झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है, जिसके चलते सींक और फूल की झाड़ू की भी अच्छी बिक्री हुई। जिला व्यापार मंडल के अनुमानित आंकड़ों के अनुसार, ऑटोमोबाइल सेक्टर में 50 करोड़ रुपये, सराफा बाजार में 10 करोड़ रुपये, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम में 5 करोड़ रुपये, मोबाइल बाजार में 6 करोड़ रुपये, रेडीमेड गारमेंट व टेक्सटाइल में 10 करोड़ रुपये, शेयर मार्केट में 10 करोड़ रुपये, फर्नीचर में 3 करोड़ रुपये, किराना बाजार में 3 करोड़ रुपये, बर्तन बाजार में 2 करोड़ रुपये और अन्य बाजारों में 5 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
